:
Breaking News

नई दिल्ली -: गृह मंत्रालय ने 78 IAS-IPS अधिकारियों का किया ट्रांसफर

top-news

नई दिल्ली । राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले के बाद केंद्र सरकार ने 78 अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की है। गृह मंत्रालय की इस सूची में 33 आईएएस और 45 आईपीएस अधिकारियों के नाम हैं। केंद्र ने दिल्ली के पांच जिलों के डीसीपी बदल दिए हैं। दिल्ली में नार्थ-ईस्ट, नार्थ, नार्थ-वेस्ट, साउथ-वेस्ट और साउथ-ईस्ट जिले के डीसीपी का दिल्ली से ट्रांसफर कर दिया गया है। अधिकतर तबादले दिल्ली और ऊत्तर-पूर्वी राज्यों में किए गए हैं। हालांकि, अधिकतर राज्यों में इस आदेश का असर नहीं होगा, लेकिन दिल्ली में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। राजस्थान में सैकड़ों अधिकारियों का तबादला हुआ है। शुक्रवार छह सितंबर को प्रदेश सरकार ने 386 आरएएस अधिकारियों के ट्रांसफर की लिस्ट जारी की थी। इससे ठीक पहले राजस्थान में 108 आईएएस अधिकारियों का तबादला हो चुका था। राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश और बिहार में भी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला हुआ है। बिहार सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आठ सितंबर को 41 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उनमें से अधिकांश विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) हैं। अधिसूचना के अनुसार, भोजपुर के जिलाधिकारी राज कुमार को बिहार राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (कॉम्फेड) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि शिवहर के डीएम पंकज कुमार को शिक्षा विभाग में निदेशक (प्राथमिक शिक्षा) पद पर नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक मोहम्मद नैयर इकबाल को विशेष सचिव के रूप में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, जमुई के डीएम राकेश कुमार को भूमि अभिलेख एवं सर्वेक्षण निदेशालय में निदेशक (चकबंदी) नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, शिक्षा विभाग में निदेशक (मध्याह्न भोजन) मिथलेश मिश्रा को लखीसराय का डीएम बनाया गया है, जबकि पंचायती राज विभाग में उपनिदेशक विद्यानंद सिंह को योजना विभाग में निदेशक नियुक्त किया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, बेगुसराय के डीएम रोशन कुशवाहा को समस्तीपुर का डीएम बनाया गया है। वहीं, शेखपुरा की डीएम जे प्रियदर्शनी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *