:
Breaking News

आदमखोर भेड़ियों के साथ तेंदुए और हांथी भी मचाने लगे आतंक, दहशत में जी रहे लोग

top-news

उत्तर प्रदेश में आदमखोर भेड़िए का आतंक बना हुआ है। एक महीने से राज्य में आदमखोर भेड़ियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें मशक्कत कर रही हैं, लेकिन अभी भी राज्य के लोगों में भेड़िए का आतंक बना हुआ है। लगातार भेड़िए के हमले की खबरें आ रही हैं। उत्तर प्रदेश से सटे मध्य प्रदेश में भी भेड़िए के हमले की खबरें सामने आई हैं। भेड़िए के हमले में यूपी में 10 मौतें हो चुकी हैं, जबकि मध्य प्रदेश के खंडवा में पांच लोग घायल हुए थे। भेड़िए के अलावा हाथी और तेंदुए भी लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में एक महीने के अंदर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, गुजरात में तेंदुआ जानलेवा बना हुआ है। बाढ़ के समय मगरमच्छ भी घरों की छत तक पहुंच गए थे, लेकिन बाढ़ उतरने के साथ ही उनका आतंक भी खत्म हो चुका है। हालांकि, भेड़ियों के साथ हाथी और तेंदुओं ने अभी भी लोगों की नींद उड़ा रखी है। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पांच सितंबर को एक जंगली हाथी ने 60 वर्षीय एक व्यक्ति को कुचल लिया जिससे उसकी मौत हो गई। कटघोरा वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) कुमार निशांत ने बताया कि यह घटना बुधवार रात पाली उप-रेंज के वन क्षेत्र के थड़पखान गांव की है जब मेवा राम धनुहार अपने घर पर थे। उन्होंने बताया कि हाथी की मौजूदगी का आभास होने पर वह घर के पीछे अपने सब्जी के बगीचे में गए तो उन्हें हाथी दिखा। वन अधिकारी ने बताया कि हाथी ने धनुहार को अपनी सूंड से पकड़ लिया और कुचलकर मार डाला। उन्होंने बताया कि इससे पहले बुधवार को इसी हाथी ने पास के मुड़ाभाटा गांव में एक बैल पर हमला कर उसे मार डाला था। मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की तत्काल राहत राशि दी गई, जबकि शेष 5.75 लाख रुपये का मुआवजा औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दिया जाएगा। वन विभाग के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में हाथियों के हमलों में करीब 310 लोग जान गंवा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले माह कोरबा जिले में दो स्थानों पर हाथी ने तीन महिलाओं को मार डाला था। गुजरात के अमरेली जिले में एक तेंदुए ने दो साल के बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम गरमली गांव के पास हुई। उन्होंने बताया, पीड़ित चिराग दाहोद का रहने वाला था और उसके पिता खेतिहर मजदूर थे। तेंदुए ने चिराग पर उस समय हमला किया, जब वह खेल रहा था। अधिकारी के अनुसार, 'तेंदुआ चिराग को लेकर भागने लगा। जब चिराग का पिता उसे बचाने के लिए पीछे दौड़ा, तो उसने बच्चे को नीचे गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस क्षेत्र में यह घटना हुई, वह गिर पूर्व वन प्रभाग का हिस्सा है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *